Search

 
 
 

Chaibasa News: PLFI के नाम पर लेवी की मांग, पुलिस की सुरक्षा में दोबारा सड़क निर्माण कार्य शुरू

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घाटबाजार घाटी में सड़क निर्माण कार्य के दौरान उग्रवादी संगठन पीएलएफआई ने लेवी की मांग की है. रविवार दोपहर बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने हथियार का भय दिखाकर ग्रेडर चालक को लेवी की पर्ची थमा दी. सोमवार को आनंदपुर पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच घाटबाजार घाटी में सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया.
 
पुलिस सुरक्षा में दोबारा निर्माण कार्य शुरू
  • घाटबाजार घाटी में हथियार के बल पर चालक को थमाई पर्ची
  • दो दिनों के अंदर रकम पहुंचाने का फरमान

Shambhu Kumar 

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घाटबाजार घाटी में सड़क निर्माण कार्य के दौरान उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने और ग्रेडर मशीन में आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है. रविवार दोपहर बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने हथियार का भय दिखाकर ग्रेडर चालक को लेवी की पर्ची थमा दी. 

 

इसे भी पढ़ें:


आरोपियों ने दो दिनों के अंदर निर्धारित रकम पहुंचाने का फरमान सुनाया. साथ ही रकम नहीं देने पर सड़क निर्माण कार्य बंद करने की धमकी दी. बताया जाता है कि कोलेबिरा से रायकेरा (मनोहरपुर) तक एनएच-320जी सड़क का निर्माण संवेदक कंपनी बीकेएस इंफ्रास्ट्रक्चर, रांची की ओर से कराया जा रहा है. 

 

Uploaded Image

पीएलएफआई के नाम पर पर्ची


इसी परियोजना के तहत आनंदपुर थाना क्षेत्र के घाटबाजार घाटी में सड़क निर्माण कार्य चल रहा है. रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्रेडर मशीन से काम कराया जा रहा था. इसी दौरान लाल-काली पल्सर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे. उन्होंने ग्रेडर चालक अशोक चौधरी को हथियार दिखाकर डराया और पीएलएफआई के नाम से लिखी पर्ची थमा दी.

 

पेट्रोल छिड़क मशीन जलाने का प्रयास

लेवी की पर्ची देने के बाद आरोपियों ने ग्रेडर मशीन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया. हालांकि, उनका प्रयास विफल रहा और मशीन सुरक्षित बच गई. इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. इस घटना से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों, कर्मचारियों और मशीन ऑपरेटरों में दहशत फैल गई.

 

पर्ची पर अंकित है 'अनल दा' का नाम

चालक को दी गई पर्ची कथित तौर पर पीएलएफआई के लेटरहेड पर लिखी हुई बताई जा रही है. पर्ची के नीचे 'अनल दा' का नाम अंकित होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, पर्ची की वास्तविकता और संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

 

डीएसपी और थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए डोडराय और आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों से पूछताछ की. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस बाइक, हथियार और लेवी की पर्ची से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.

 

पुलिस सुरक्षा में दोबारा निर्माण कार्य शुरू

घटना के बाद मजदूरों और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया. हालांकि, सोमवार को आनंदपुर पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच घाटबाजार घाटी में सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया. पुलिस की मौजूदगी में मशीनों और मजदूरों से काम लिया जा रहा है. 


कोलेबिरा से रायकेरा तक बनने वाली एनएच-320जी सड़क क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है. ऐसे में इस घटना ने निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपियों और घटना के पीछे की वास्तविक मंशा स्पष्ट हो सकेगी.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही