Search

 
 
 

Chaibasa News: खाद्य विभाग के सचिव ने गोईलकेरा में योजनाओं व नवाचारों का किया निरीक्षण

गोईलकेरा प्रखंड में बुधवार को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण किया.
 

Nitish Kumar

Goilkera : गोईलकेरा प्रखंड में बुधवार को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी समेत कई जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे.


भ्रमण के दौरान सचिव ने गोईलकेरा हाट के समीप बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत स्थापित आम बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया. इसके बाद प्रखंड कार्यालय परिसर में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की संकुल स्तरीय समिति द्वारा संचालित बर्तन बैंक का शुभारंभ किया. अधिकारियों ने उन्हें बर्तन बैंक की कार्यप्रणाली तथा ग्रामीण क्षेत्रों में इसके सामाजिक और आर्थिक महत्व की जानकारी दी.


सचिव ने प्रखंड सभागार में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान संचालकों के साथ संवाद कर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, लाभुकों को समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने तथा संचालन संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की. उन्होंने संचालकों से सुझाव भी प्राप्त किए. इस अवसर पर डाकिया योजना के तहत बिरहोर परिवारों के बीच धोती एवं साड़ी का वितरण किया गया. साथ ही स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित पीडीएस दुकानों के संचालकों तथा अन्य दुकानदारों के बीच टी-शर्ट और छाता वितरण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया.


 इस मौके पर सचिव राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि राज्य में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में पीडीएस संचालकों की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने संचालकों के सेवा भाव और समर्पण की सराहना की. वहीं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित पलाश नोटबुक निर्माण, दीदी कैफे और बर्तन बैंक जैसी गतिविधियों को महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का सफल मॉडल बताया.


वहीं उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिले में संचालित “प्रोजेक्ट आहार” की सफलता में पीडीएस संचालकों का महत्वपूर्ण योगदान है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 6 और 18 तारीख को “आहार दिवस” मनाया जाता है, ताकि सभी राशन कार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके. कार्यक्रम में लोगों ने पश्चिमी सिंहभूम को नशामुक्त जिला बनाने का संकल्प लिया. इस मौके पर प्रखंड व अंचल कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावे स्थानीय महिला पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही