Shambhu Kumar
Chaibasa News: पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में विभिन्न रेस्टोरेंट, मिठाई और किराना दुकानों में विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई. जांच में कई दुकानों में खामियां मिलीं. मथुरा स्वीट्स में करीब 20 किलो खराब रसगुल्ला और पस्ता स्नेक्स की एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली.
इसे भी पढ़ें:
फूड सेफ्टी टीम ने खाद्य सुरक्षा के लिहाज से उसे मौके पर ही नष्ट कराया. जांच के दौरान कुछ रेस्टोरेंट में पैकेटबंद पनीर का इस्तेमाल किए जाने के साथ साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली. कुछ प्रतिष्ठानों में आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे. खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर क्यूज़ीन फैमिली रेस्टोरेंट, संतुष्ट क्यूज़ीन रेस्टोरेंट, शंकर मिष्ठान भंडार, मथुरा स्वीट्स और छप्पन भोग को नोटिस जारी किया गया.
अधिकारियों ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही इस्तेमाल व बिक्री करने का निर्देश दिया. इसके अलावा अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की कि पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदने से पहले एक्सपायरी डेट की जांच जरूर करें.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम और दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मानकों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. त्योहारों के दौरान इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

