Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांडरासाली ओपी अंतर्गत तुंगी गांव से हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया.
इसे भी पढ़ें:
मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतका की बेटी घर पहुंची और मां को गायब पाया. बताया जाता है कि एक सप्ताह पहले यानी पिछले रविवार से राम हांसदा की पत्नी गुरबारी हांसदा के लापता होने को लेकर गांव के लोग चिंतित थे. इसी बीच एक सप्ताह बाद मृतका की बेटी नागी गागराई, जो बड़ाबंबो में रहती है, अपने घर पहुंची.
वहां मां को नहीं देखकर उसने आसपास खोजबीन शुरू की. इसी दौरान उसकी नजर कमरे की दीवार पर पड़े खून के छींटों पर पड़ी. इसके बाद उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने पर ग्रामीण एकत्र हुए और राम हांसदा से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर पत्नी की हत्या कर शव को घर में दफनाने की बात स्वीकार की.
इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में खोदे गए गड्ढे से शव बरामद किया. देर रात शव को सदर अस्पताल लाया गया. मृतका की बेटी नागी गागराई ने बताया कि वे तीन बहनें और दो भाई हैं. तीनों बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों भाई बाहर काम करते हैं. घर में माता-पिता ही रहते थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी पति से पूछताछ जारी है.
आपसी विवाद में पत्नी की हत्या
पुलिस ने आरोपी पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जाता है कि एक सप्ताह पूर्व गांव में जमना पर्व मनाया जा रहा था. इस दौरान गांव के लोगों ने एक साथ खान-पान किया था. किसी बात को लेकर 45 वर्षीय गुरबारी हांसदा और उसके पति राम हांसदा के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसी विवाद के बाद गुस्से में आकर राम हांसदा ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी. इसके बाद घर में ही गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

