Shambhu Kumar
Chaibasa News: भाई-बहन के पवित्र स्नेह का प्रकृति पर्व करम मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला के चाईबासा, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, जगन्नाथपुर व आसपास क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर चाईबासा व चक्रधरपुर के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के अखड़ा स्थल पर करम डाल के समीप विधि विधान के साथ पूजा की गई.
इसे भी पढ़ें:
करम राजा की पूजा करने के लिए निर्जला उपवास रखकर मंगलवार शाम बहनें व पाहन करम डाल काटकर पारंपरिक गीत गाते हुए करम डाल लेकर अखड़ा (पूजा स्थल) पहुंचे. जहां विधिवत तरीके से करम डाल स्थापित कर पूजा अर्चना की गई. इस अवसर बहनों ने पूजा अर्चना कर अपने भाइयों की मंगल कामना की.
चक्रधरपुर शहर की कुम्भा टोली, पंपरोड, आसानतालिया, श्यामरायडीह, हथिया, पोटका, वनमालीपुर, कोलचोकड़ा, रोलाडीह, सेताहाका समेत अन्य स्थानों के अलावे पोड़ाहाट अनुमंडल के बंदगांव, सोनुआ, गोईलकेरा, मनोहरपुर, आनंदपुर प्रखंड के प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर करम पूजा विधि विधान व पारंपरिक रीति रिवाज के तहत की गई. पारंपरिक गीतों और मांदर की थाप पर लोग देर शाम तक थिरके. वहीं कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

