Chaibasa News : मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर स्वाभिमानी मजदूर संगठन (SMS) के सदस्यों ने सोनुआ प्रखंड कार्यालय में कार्यक्रम पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा.
संगठन ने मांग की कि मजदूरों का जॉब कार्ड समय पर बनाया जाए और लंबित मजदूरी का भुगतान जल्द किया जाए. इसके अलावा मजदूरों के काम के मास्टर रोल के आधार पर समय पर एफटीओ (FTO) और वेज लिस्ट तैयार की जाए, ताकि भुगतान में देरी न हो.
पोड़ाहाट पंचायत में जॉब कार्ड और भुगतान का मामला
पोड़ाहाट पंचायत के मजदूरों ने जॉब कार्ड नहीं बनने, मजदूरी का भुगतान लंबित रहने और समय पर एफटीओ व वेज लिस्ट तैयार नहीं होने की शिकायत की. संगठन ने इन समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की.
देवावीर पंचायत के रोजगार सेवक पर आरोप
देवावीर पंचायत में 30 अक्टूबर को पंचायत भवन में मजदूरों ने काम के आवेदन और मास्टर रोल जमा किए थे. संगठन का आरोप है कि रोजगार सेवक ने इन दस्तावेजों की प्राप्ति रसीद नहीं दी. इसके अलावा मजदूरों के साथ ठीक तरीके से बात नहीं करने की शिकायत भी की गई.
संगठन ने प्रखंड अधिकारियों से पूरे मामले की जल्द जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित रोजगार सेवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं और समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो मजदूर आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

