Amit Kumar
Nowamundi News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड की गुवा स्थित सेल संचालित गुवा अस्पताल में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ती जा रही है. अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण मरीजों को इलाज के साथ-साथ अपने सामान की सुरक्षा की चिंता भी सताने लगी है.
जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की सुबह करीब तीन बजे अस्पताल के बेड नंबर-4 पर भर्ती मरीज शिवा दास (माता मीनू दास), निवासी कारो कुंज, हिरजी हाटिंग, गुवा का मोबाइल फोन अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया. सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो मोबाइल गायब मिला.
इसके बाद परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन मोबाइल का कोई पता नहीं चला.पीड़ित मीनू दास और उनके पति मुकेश ने बताया कि आज के समय में मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि ऑनलाइन भुगतान, जरूरी दस्तावेजों और सूचनाओं के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम भी है.
मोबाइल चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.बताया जाता है कि गुवा अस्पताल में चोरी की यह पहल घटना नहीं है. इससे पहले भी दुईआ गांव के एक भर्ती टीबी मरीज का मोबाइल फोन चोरी हो चुका है.
लगातार हो रही घटनाओं से अस्पताल की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं. मरीजों के परिजनों का सवाल है कि रात के समय अज्ञात लोग वार्डों में कैसे प्रवेश कर रहे हैं और मरीजों के सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है.
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने सेल प्रबंधन एवं अस्पताल प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है. उन्होंने अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रिकालीन सुरक्षा गश्त बढ़ाने तथा वार्डों में अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने की अपील की है. लोगों का कहना है कि अस्पताल में मरीज इलाज और आराम के लिए आते हैं, लेकिन चोरी की घटनाओं के कारण उन्हें रातभर अपने सामान की रखवाली करनी पड़ रही है.

