Shambhu Kumar
Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, परिवहन व भंडारण के रोकथाम को लेकर चलाए गए अभियान के दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे तीन वाहनों को जब्त किया है. अभियान के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बालू लदा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया.
वहीं, चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में भी बालू लदा एक ट्रैक्टर और एक हाइवा जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहनों को रोककर बालू के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की.
संतोषजनक कागजात नहीं मिलने पर तीनों वाहनों को नियमानुसार जब्त कर संबंधित थानों को सुपुर्द कर दिया गया. खनन विभाग की ओर से बताया गया कि जिले में बिना वैध अनुमति के खनिजों के उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और संबंधित लोगों के खिलाफ प्रचलित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है. विभाग द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि अवैध रूप से बालू के परिवहन पर अंकुश लगाया जा सके.
इधर जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप है.

