Nitish Thakur
Chaibasa News: शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 14 अक्टूबर को पश्चिमी सिंहभूम जिला की गोइलकेरा प्रखंड की गोइलकेरा हाट मैदान में आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को गोइलकेरा स्थित आदिवासी कला संस्कृति भवन में झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक हुई.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी शामिल हुईं. बैठक में श्रद्धांजलि सभा को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच विभिन्न जिम्मेदारियों का भी बंटवारा किया गया. सांसद जोबा माझी ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ कार्य करने की अपील की.
सांसद ने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी हमारे आदर्श रहे हैं. उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए अपना जीवन समर्पित किया. उनके विचार और सिद्धांत आज भी समाज को दिशा देने का काम करते हैं, इसलिए उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है.
उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसके अलावा राज्य सरकार के मंत्री और कई विधायक भी कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं. ऐसे में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारी के साथ जुटने का निर्देश दिया गया.
बैठक में जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, सचिव अघना कंडुलना, मुखिया उदय चेरेवा, महिला मोर्चा की सुखमती बानरा, आनंदपुर प्रखंड अध्यक्ष सिलबीरयुस तिर्की, हरीश बोदरा, कांडे बरजो, मरियम चेरेवा, रानी लागुरी, सिकंदर जोंको, शिवा नायक, दिनेश नायक, रविंद्र सरदार समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

