Search

 
 
 

Chaibasa News : शिक्षकों की कमी से नाराज अभिभावकों व बच्चों ने विद्यालय में दिया धरना, पढ़ाई हो रही प्रभावित

Chakradharpur News : ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है.विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक कुल 178 विद्यार्थी नामांकित हैं, लेकिन पिछले कई महीनों से महज दो शिक्षकों के भरोसे ही पठन-पाठन का कार्य संचालित हो रहा है.
 
विद्यालय प्रबंधन समिति
  • 178 विद्यार्थियों की पढ़ाई का जिम्मा महज दो शिक्षकों पर, दो शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति रद्द करने की मांग

Shambhu Kumar

 Chakradharpur News : पश्चिमी सिंहभूम जिले की चक्रधरपुर प्रखंड के गुलकेड़ा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय गुईगांव में शिक्षकों की कमी को दूर करने की मांग को लेकर शुक्रवार को अभिभावकों, ग्रामीणों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और स्कूली बच्चों ने धरना-प्रदर्शन किया.

 

 

ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा दूसरे विद्यालयों में प्रतिनियुक्त किए गए शिक्षकों को वापस बुलाने की मांग की.ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है.विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक कुल 178 विद्यार्थी नामांकित हैं, लेकिन पिछले कई महीनों से महज दो शिक्षकों के भरोसे ही पठन-पाठन का कार्य संचालित हो रहा है.

 

इससे बच्चों की नियमित पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में कुल चार शिक्षक पदस्थापित हैं. इनमें से दो शिक्षकों को पिछले तीन महीनों से दूसरे विद्यालयों में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है.

 

इसके कारण विद्यालय में केवल दो शिक्षक ही 178 बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इनमें कक्षा छह से आठवीं तक के 97 विद्यार्थी शामिल हैं. ऐसे में दो शिक्षकों के लिए आठ कक्षाओं के विद्यार्थियों को पढ़ाना और विद्यालय की अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है.

 

अभिभावकों ने कहा कि बच्चों के भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में शिक्षकों की कमी को जल्द दूर करना जरूरी है.ग्रामीणों ने संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर प्रतिनियुक्त शिक्षकों को वापस बुलाने और विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की.उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जा सकता है.

धरना-प्रदर्शन के दौरान गुलकेड़ा पंचायत की मुखिया लक्ष्मी केराई, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुखलाल जारिका, पूर्व सैनिक सह सामाजिक कार्यकर्ता दयासागर केराई, मुंडा आनंद बागुन बोयपाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही