Ranchi News: चक्रवाती तूफान अर्नब' के कमजोर पड़कर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने से झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मौसम केंद्र रांची ने शुक्रवार से शनिवार सुबह 8:30 बजे तक के लिए राज्य के कुल 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 5 नवंबर से पूरे राज्य में आसमान मुख्यतः साफ होने का पूर्वानुमान जताया है. पिछले 24 घंटे के दौरान लातेहार के बालूमाथ में सर्वाधिक 111.5 मिमी बारिश दर्ज की गई.
इन 8 जिलों में जारी किया गया येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी झारखंड (संताल परगना) के 3 जिलों साहिबगंज, गोड्डा और पाकुड़ में कहीं-कहीं भारी बारिश (64.5 से 115.5 मिमी) होने की संभावना है. इसके अलावा साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग समेत कुल 8 जिलों में गरज और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है.
इसे भी पढ़ें -
5 नवंबर से साफ होगा मौसम, 4 डिग्री तक चढ़ेगा पारा
मौसम केंद्र के अनुसार, 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक सुबह में हल्का कोहरा छाने और दिन में आंशिक बादल के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी. 5 नवंबर से सुबह में कुहासा के बाद आसमान मुख्यतः साफ हो जाएगा.
इन प्रमुख शहरों में लुढ़का अधिकतम तापमान
बादल और बारिश के कारण डाल्टनगंज का अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री गिरकर 22.6 डिग्री सेल्सियस और रांची का पारा सामान्य से 6 डिग्री गिरकर 21.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री कम 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य में सबसे अधिक तापमान दुमका में 27.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश
लातेहार के बालूमाथ में सबसे अधिक 111.5 मिमी, कुरडेग में 90.6 मिमी, डाल्टनगंज में 75 मिमी और गारू में 60.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा धालभूमगढ़ में 50 मिमी, घाटशिला में 46.8 मिमी, चंदनकियारी व गुड़ाबांधा में 46.2 मिमी, पुटकी में 44 मिमी और जमशेदपुर में 20.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है. रांची में महज 8.5 मिमी बारिश दर्ज हुई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

