Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां बारातियों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया.
इस हादसे में 12 वर्षीय बच्चा समेत दो लोगों की मौत हो गई. जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे.
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन बारंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गया था. वहां से लौटने के दौरान सोमवार की सुबह करीब 3:15 बजे उंधन गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद पिकअप सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में जा गिरा.
घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. सभी घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया.
जबकि बाकी घायलों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. मृतकों में बारंगा निवासी रोहन गोप (12 वर्ष) और गोपीपुर निवासी दशरथ सरदार (25 वर्ष) शामिल हैं.
वहीं घायलों की पहचान सूरज महतो (22), शिशुपाल मोदी (26), राहुल गोप (20), गोपी मोदी (18), सौरभ लोहार (16) और सुरेश गोप (48) के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment