- चोरी की गई स्कूटी बरामद, दोनों ने स्वीकार किया अपराध
Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर थाना क्षेत्र में हुई स्कूटी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई टीवीएस स्कूटी भी बरामद कर ली है. पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने में जुटी है.
इसे भी पढ़ें:
बताया जाता है कि चाईबासा के एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी विकास कुमार शर्मा ने 30 अक्टूबर को सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह अपनी टीवीएस कंपनी की स्कूटी (पंजीकरण संख्या जेएच-06यू-0799) को श्याम भंडार, टुंगरी के पास खड़ी कर किसी काम से गए थे. कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी स्कूटी वहां से गायब थी.
काफी खोजबीन के बाद भी स्कूटी का कोई पता नहीं चला. इसके बाद उन्होंने अज्ञात चोरों के विरुद्ध सदर थाने में मामला दर्ज कराया. पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया. विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
दोनों आरोपियों की पहचान यश गोप उर्फ मोटू (20 वर्ष), निवासी अंगरडीहा, थाना मंझारी, वर्तमान पता खप्परसाई, थाना मुफस्सिल तथा विवेक तियू (21 वर्ष), निवासी खप्परसाई, थाना मुफस्सिल के रूप में हुई. दोनों पश्चिमी सिंहभूम जिले के निवासी हैं. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने स्कूटी चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी को ओड़िया स्कूल की झाड़ी के पीछे से बरामद किया गया.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी यश गोप के बारे में बताया कि उसका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. वह एक दिसंबर 2025 को चाईबासा के एक होटल के सामने से एक ही रात में तीन वाहनों की चोरी के आरोप में पकड़ा गया था. उसके विरुद्ध मुफस्सिल और सदर थाना में पूर्व के मामले भी दर्ज हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

