Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला के बंदगांव प्रखंड के शारदा गांव के बड़ेबुरू टोला में पलाश का पेड़ गिरने से शारदा व टुपुडांग गांव की बिजली आपूर्ति 24 अगस्त से बाधित है. ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण दोनों गांवों के लोग पिछले 10 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर गुरुवार को ग्राम मुंडा सोमा मुंडरी की अध्यक्षता में शारदा एवं टुपुडांग गांव के लोगों ने विशेष बैठक की.
बैठक में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष जदुराय मुंडरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से बिजली बंद रहने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है. जदुराय मुंडरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का इतने दिनों तक बाधित रहना गंभीर मामला है.
इसे भी पढ़ें:
विभाग को तत्काल गिरे पेड़ को हटाकर क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर बिजली बहाल नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ उपायुक्त कार्यालय जाकर समस्या से अवगत कराया जाएगा और लिखित आवेदन सौंपा जाएगा.
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं. बैठक में ग्राम मुंडा सोमा मुंडरी, ग्रामीण पहन गोघा मुंडरी, टुठी मुंडरी, विशु हाजमा, जितु हाथी, करमु बलबन्दीया, मोगरा होरो, सम्बराय नाग, करमसिंह नाग, सोमा नाग, नोन्दो नाग, सांतो बलबन्दीया सहित शारदा एवं टुपुडांग गांव के कुल 48 ग्रामीण उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

