Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की चक्रधरपुर नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को पांच माह से वेतन का भुगतान नहीं होने का आरोप लगाते हुए नगर परिषद कार्यालय के बाहर हड़ताल शुरू कर दी. कर्मचारियों ने काम बंद कर बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग की. सफाई कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें:
वेतन भुगतान को लेकर उन्हें कई बार आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया. इससे नाराज कर्मचारियों ने सोमवार को काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी. कर्मचारियों ने कहा कि वे लगातार नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखने का काम कर रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. उन्होंने जल्द से जल्द पांच माह का बकाया वेतन भुगतान करने की मांग की है.
इधर, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजय हांसदा ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के साथ बातचीत हुई है. उन्हें 10 अक्टूबर से पहले बकाया वेतन का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया है. उन्होंने कहा कि जब 10 अक्टूबर से पहले भुगतान करने का आश्वासन दिया गया है, तो उससे पहले हड़ताल पर बैठना उचित नहीं है. उन्होंने कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

