Nitish Thakur
Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के बाघचट्टा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया. घर के पास खेल रहे दो मासूम सगे भाई-बहन की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है. मृतकों की पहचान अगस्तीन टुडू के छह वर्षीय पुत्र गॉडसन टुडू और चार वर्षीया पुत्री एंजेल टुडू के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें...
बताया जाता है कि अगस्तीन टुडू राजमिस्त्री का काम करते हैं और रोजगार के सिलसिले में परिवार के साथ आनंदपुर में रह रहे हैं. उनकी पत्नी पहले ही घर छोड़कर जा चुकी हैं. दोनों बच्चे अपने पिता के साथ ही रहते थे. बुधवार की सुबह गॉडसन और एंजेल डीएवी स्कूल, आनंदपुर गए थे. दोपहर करीब दो बजे स्कूल से लौटने के बाद दोनों ने घर पर भोजन किया. इसके बाद दोनों बच्चे घर के समीप स्थित इमली के पेड़ के पास खेलने के लिए चले गए. खेलते-खेलते दोनों बच्चे घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए.
इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों पानी से भरे गड्ढे में गिर गए. हालिया बारिश के कारण गड्ढे में काफी पानी जमा था. आसपास किसी व्यक्ति के मौजूद नहीं होने के कारण बच्चों को तत्काल सहायता नहीं मिल सकी. शाम करीब सात बजे तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो पिता अगस्तीन ने उनकी तलाश शुरू की. पहले आसपास के क्षेत्रों और खेल के स्थानों पर खोजबीन की गई.
कोई सुराग नहीं मिलने पर ग्रामीणों की मदद से पास के पानी भरे गड्ढे में भी तलाश की गई. इसी दौरान दोनों बच्चों के शव पानी में मिले. ग्राम मुंडा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना आनंदपुर पुलिस को दे दी गई है. पिता अगस्तीन ने किसी पर संदेह नहीं जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया.
इधर, गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम चक्रधरपुर के अनुमंडल तट में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.

