Amit Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की गुवा थाना क्षेत्र के कैलाश नगर निवासी 45 वर्षीय सीमोन केरकेट्टा पिछले एक सप्ताह से लापता हैं. काम दिलाने का भरोसा देकर उसे ओडिशा ले जाया गया था. एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद उसके घर वापस नहीं लौटने से परिजन परेशान और चिंतित हैं.
इसे भी पढ़ें:
केरकेट्टा के परिजनों ने गुवा थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से उसकी खोजबीन करने की गुहार लगाई है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कैलाश नगर निवासी 40 वर्षीय शंकर उरद 22 अक्टूबर 2026 को सीमोन केरकेट्टा को काम दिलाने का आश्वासन देकर अपने साथ ओडिशा ले गया था.
दोनों ओडिशा के मुतूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेनका नाला स्थित रुंगटा स्टील प्लांट पहुंचे. वहां पहुंचने के बाद केरकेट्टा ने फोन पर अपने परिवार वालों से संपर्क कर प्लांट पहुंचने की जानकारी दी थी. परिजनों का आरोप है कि रात में शंकर उरद उसे स्टील प्लांट दिखाने के बहाने अपने साथ कहीं ले गया. इसके बाद से सीमोन केरकेट्टा का कोई पता नहीं चल पाया है.
परिवार के सदस्यों ने उससे संपर्क करने का कई बार प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार बंद बता रहा है. शुक्रवार तक घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद सीमोन केरकेट्टा का कोई सुराग नहीं मिल सका है. परिजनों ने अपने स्तर से ओडिशा में भी काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
इसके बाद उन्होंने गुवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, सीमोन केरकेट्टा का जल्द पता लगाने और उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

