Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की आनंदपुर प्रखंड के टेन्ड्राउली स्थित हॉकी स्टेडियम परिसर में जल, जंगल और जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष करने वाले शहीद देवेंद्र माझी की प्रतिमा का अनावरण रविवार को किया गया. सांसद जोबा माझी ने पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
इसे भी पढ़ें:
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि जंगल क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को जल, जंगल और जमीन पर अधिकार दिलाने के लिए देवेंद्र माझी ने वर्षों तक संघर्ष किया. लोगों के हक-अधिकार की लड़ाई लड़ते हुए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी. उनके संघर्ष और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा.
सांसद ने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी के सपनों को साकार करना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि देवेंद्र माझी का सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र के लोगों के साथ विशेष लगाव था और वे हमेशा यहां के लोगों के अधिकार एवं विकास को लेकर चिंतित रहते थे.
उन्होंने कहा कि टेन्ड्राउली में हॉकी स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल है. स्टेडियम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के लिए बेहतर मैदान और अनुकूल माहौल मिलेगा. खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलने से क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा मिलेगी. इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

