Search

 
 
 

Chaibasa News: तेज आंधी-बारिश से बंदगांव में कई जगह गिरे पेड़, बाधित रहा यातायात

पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार शाम तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई. वहीं, तेज आंधी के चलते जिले के बंदगांव प्रखंड के बंदगांव बाजार एवं टेबो घाटी में जगह-जगह पेड़ गिर गए.
 

Chakradharpur (Shambhu Kumar): पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार शाम तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई. वहीं, तेज आंधी के चलते जिले के बंदगांव प्रखंड के बंदगांव बाजार एवं टेबो घाटी में जगह-जगह पेड़ गिर गए. इससे एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा. वहीं चक्रधरपुर-बंदगांव मार्ग स्थित एनएच-75 पर तेज आंधी-बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया. 


हेसाडीह के पास अचानक एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में वहां से गुजर रही एक सवारी गाड़ी आ गई. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद लगभग एक घंटे तक एनएच-75 पर यातायात प्रभावित रहा.

 
वहीं सूचना मिलते ही बीडीओ भीषम कुमार, पंचायत समिति सदस्य तीरथ जामुदा, स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज हवा और लगातार हो रही बारिश के कारण पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ. 


बीडीओ भीषम कुमार ने ग्रामीणों की मदद से पेड़ को कटवाकर सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका. इधर, बंदगांव बाजार में भी तेज आंधी के कारण एक विशाल आम का पेड़ गिर गया. बुधवार होने के कारण साप्ताहिक हाट बाजार में काफी भीड़ थी. लेकिन राहत की बात रही कि किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई. 

 

प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेड़ को कटवाकर बाजार परिसर से हटवाया और स्थिति को सामान्य किया. बीडीओ भीषम कुमार ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही