Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिमेरता में घर में घुसकर लूटपाट करने और फायरिंग कर एक व्यक्ति को जख्मी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक 7.65 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस तथा एक खाली खोखा बरामद किया है. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को मनोहरपुर थाना प्रभारी को सूचना मिली कि ग्राम सिमेरता में अज्ञात अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की और इस दौरान एक व्यक्ति को गोली मारकर जख्मी कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची.
स्थानीय लोगों ने एक आरोपी जसवंत महतो उर्फ छोटू, उम्र 25 वर्ष, निवासी धानापाली, थाना मनोहरपुर को जख्मी हालत में पुलिस के हवाले किया. जिसे पुलिस इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र मनोहरपुर में भर्ती कराया.
पीड़ित सुरोजित दास एवं अन्य दो व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि वे तीनों घूमकर बर्तन फेरी का काम करते हैं और उसी से अपनी आजीविका चलाते हैं. घटना की रात करीब 9.30 बजे वे खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान दो व्यक्ति पिस्तौल लेकर उनके घर में घुस गए और जान से मारने की धमकी देते हुए करीब 20 से 25 हजार रुपये की मांग करने लगे.
पीड़ितों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया. इसी दौरान पिस्तौल लिए एक आरोपी ने फायरिंग कर दी. गोली एक व्यक्ति के पैर में लगी, जिससे वह जख्मी हो गया. फायरिंग के बाद आरोपी भागने लगे, लेकिन हड़बड़ाहट में एक आरोपी गिर गया और उसके पैर में गंभीर चोट लग गई. वह भाग नहीं सका, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया.
इलाज के बाद पकड़े गए आरोपी जसवंत महतो उर्फ छोटू से पूछताछ की गई. उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल दूसरे आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़,कोपसिमा, डुंगरी टोला निवासी 19 वर्षीय अजय गोप उर्फ कालू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार जसवंत महतो उर्फ छोटू के विरुद्ध पूर्व से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

