Amit Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में सोमवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार टाटा स्टील की महिला कर्मचारी सुषमा सांडिल (37) और बाइक चालक जगमोहन जेराई गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना मिडिल स्कूल के समीप हुई. इस घटना में घायल महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए टीएमएच, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें:
बताया जाता है कि संग्रामसाई न्यू फ्लैट निवासी सुषमा सांडिल स्कूटी से वीटी सेंटर जा रही थीं. इसी दौरान जोजोकैम्प निवासी जगमोहन जेराई विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में बाइक लेकर आया और मिडिल स्कूल के समीप उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से दोनों वाहन चालक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद सुषमा के सहकर्मियों ने तत्काल टाटा स्टील अस्पताल को सूचना देकर एंबुलेंस बुलवाई. इसके बाद दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार, सुषमा सांडिल के माथे, नाक, सिर और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें कई जगह टांके लगाने पड़े हैं. वहीं, बाइक चालक जगमोहन जेराई के सिर में गंभीर चोट लगी.
घटना की सूचना मिलने पर नोवामुंडी थाना के अवर निरीक्षक तारकनाथ सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले गई.दुर्घटना की जानकारी मिलने पर टाटा स्टील के सुरक्षा प्रमुख प्रकाश मिश्रा समेत कंपनी के अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

