Search

 
 
 

Chaibasa News: चक्रधरपुर में ऊर्जा मेला आयोजित, सरकार गांव तक बिजली पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध- MLA

पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद स्थित विवाह भवन में मंगलवार को जिला स्तरीय ऊर्जा मेला का आयोजन किया गया.
 
Shambhu Kumar
Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद स्थित विवाह भवन में मंगलवार को जिला स्तरीय ऊर्जा मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विधायक सुखराम उरांव, एलआरडीसी अनिल कुमार सिंह, बीडीओ कांचन मुखर्जी, विद्युत विभाग चक्रधरपुर के सहायक अभियंता भामापद टुडू, गोइलकेरा के एसडीओ जितेंद्र कुमार, जेई मानिक चंद्र शर्मा एवं वार्ड पार्षद सुलेखा दत्ता उपस्थित रहे.
विद्युत विभाग के एसडीओ भामा टुडू ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, बिजली सुरक्षा एवं उपभोक्ता सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली का सही एवं सुरक्षित उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि विद्युत ऊर्जा का दुरुपयोग न करें तथा किसी भी तकनीकी समस्या की सूचना विभाग को दें.
 
कार्यक्रम में मुख्य रुप से विभागीय कर्मी एवं ऊर्जा मित्र ही मौजूद रहे. कम उपस्थिति को लेकर विधायक सहित अन्य अतिथियों ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा कार्यक्रम का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया, जिसके कारण आम उपभोक्ताओं की सहभागिता नहीं हो सकी. उन्होंने भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया. 
विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि सरकार गांव के अंतिम व्यक्ति तक बिजली पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों के कुछ गांवों में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बिजली पहुंचाने में कठिनाई हो रही है, लेकिन विभाग लगातार कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में औसतन 18 से 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है.
विधायक ने बरसात के मौसम में बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान सांप एवं बिच्छुओं का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में निर्बाध बिजली आपूर्ति लोगों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है. साथ ही उन्होंने कुरुलिया ग्रिड के नजदीक इटिहासा गांव में बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की भी मांग की.
उर्जा मित्रों को किया गया सम्मानित 
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 ऊर्जा मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. जिसमें उर्जा मित्र एमडी जावेद, अरशद नदीम, भीम विश्वकर्मा, लाल बहादुर सुरीन, गोपीनाथ साहू, नयन प्रधान, संजय प्रधान, अमन कुमार, सत्य प्रधान, बाबलू प्रधान शामिल हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही