Chaibasa News : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमीरता गांव में शनिवार की रात लूटपाट के दौरान अपराधियों ने एक बर्तन कारोबारी को गोली मार दी. घटना रात करीब 10 बजे की बतायी जा रही है. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल कारोबारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ें...
घायल की पहचान मुर्शिदाबाद निवासी 39 वर्षीय सुरजीत दास के रूप में हुई है. वह अपने साले संजय दास और साथी कृष्णा प्रामाणिक के साथ गांव में किराये की दुकान लेकर बर्तन का कारोबार करते हैं.
बताया गया कि शनिवार रात दो नकाबपोश अपराधी दुकान में पहुंचे और शटर गिराकर हथियार के बल पर करीब 50 हजार रुपये लूट लिये. इसी दौरान सुरजीत ने विरोध किया तो अपराधियों ने उनके पेट में गोली मार दी. गोली लगने के बावजूद सुरजीत और उनके साथियों ने हिम्मत दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया. हालांकि, दूसरा बदमाश लूट की रकम लेकर मौके से फरार हो गया.
इधर, दुकान से शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने पकड़े गये आरोपी को बांध दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची मनोहरपुर पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की है.
पुलिस ने घायल कारोबारी और गिरफ्तार आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं, फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

