Shambhu Kumar
Chaibasa News : आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झारबेड़ा पंचायत के रानाबुरु लकड़ा कोचा टोला में पति से विवाद के बाद एक महिला द्वारा कीटनाशक पी लेने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों ने महिला को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आनंदपुर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है. पीड़िता की पहचान 39 वर्षीय पानो कच्छप के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें...
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की रात महिला का अपने पति के साथ शराब पीने की आदत को लेकर विवाद हुआ था. महिला का आरोप है कि उसका पति अक्सर अत्यधिक शराब का सेवन करता है. शराब पीने का विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता है. महिला ने बताया कि लगातार होने वाले विवाद और कथित मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना से वह परेशान थी.
मंगलवार की रात भी शराब के सेवन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. इसके बाद महिला ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया. फिलहाल महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी चर्चा रही. ग्रामीणों ने घरेलू विवाद और शराब की लत से होने वाली समस्याओं को लेकर चिंता जताई. हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज होने की जानकारी फिलहाल नहीं मिली है. पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से घटना की पुष्टि भी नहीं की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

