Search

Chaibasa News: डायन-बिसाही के शक में महिला की गला रेतकर हत्या, आरोपी अरेस्ट

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खंडकोरी गांव में अंधविश्वास की वजह से एक महिला की निर्मम हत्या की गयी है. डायन-बिसाही के शक में एक व्यक्ति ने महिला को घर से बुलाकर जंगल की झाड़ियों में ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है.

 

मृतका की पहचान शुरू गोप के रूप में हुई है. घटना के समय उनके पति देवेंद्र गोप अपने बड़े बेटे और बेटी के साथ ओडिशा में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. घर पर शुरू गोप अपने दो छोटे बच्चों के साथ थी.

 

Uploaded Image

अरेस्ट आरोपी की तस्वीर

 

पुलिस जांच में पता चला कि गांव के रहने वाले पुंडवा उर्फ चोके सिंकु को शक था कि उसकी पांच वर्षीय बेटी और बड़े भाई की लगातार खराब हो रही तबीयत के पीछे शुरू गोप का हाथ है. अंधविश्वास के कारण वह महिला को डायन मानने लगा था और इसी वजह से उसने उसकी हत्या की योजना बनाई.

 

घटना वाले दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा और हड़िया पिलाने का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया. वह उसे गांव के पास तानीबुरु क्षेत्र की झाड़ियों में ले गया, जहां धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.

 

जब देवेंद्र गोप श्राद्ध कार्यक्रम से लौटे तो उनकी पत्नी घर पर नहीं मिलीं. उन्होंने बच्चों से पूछताछ की तो बच्चों ने बताया कि उनकी मां चोके सिंकु के साथ गई थीं. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने महिला की तलाश शुरू की.

 

काफी खोजबीन के बाद तानीबुरु क्षेत्र की झाड़ियों में महिला का शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

 

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर पुंडवा उर्फ चोके सिंकु को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार हथियार भी बरामद कर लिया. आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//