Chaibasa News : आपराधिक मामलों में कई बार जेल जा चुके मुकेश साव नामक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर जारी करीब 12 मिनट के वीडियो ने चक्रधरपुर में सनसनी फैला दी है. वीडियो में युवक ने चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार समेत थाना पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. साथ ही उसने चक्रधरपुर के पत्रकारों को कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे पत्रकारों में चिंता और आक्रोश का माहौल है.
इसे भी पढ़ें...
बताया जाता है कि, उक्त युवक के खिलाफ पूर्व में फायरिंग, मादक पदार्थों के कारोबार समेत अन्य आपराधिक मामलों में कार्रवाई हो चुकी है और वह कई बार जेल जा चुका है. युवक ने अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो जारी कर थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों पर बाइक, सोना, नकदी और अन्य सामान जब्त कर अपने पास रखने जैसे आरोप लगाए हैं.
वीडियो में युवक ने कथित तौर पर सोनू सिंह नामक व्यक्ति द्वारा लाखों रुपये की वसूली किए जाने का भी आरोप लगाया है. इसके अलावा उसने थाना प्रभारी पर अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने, रिश्वत लेने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं. युवक ने थाना के एक एएसआई पर भी मोबाइल फोन और नकदी लेने का आरोप लगाया है.
हालांकि, युवक द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. मामले को लेकर पत्रकारों ने चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार से संपर्क किया. थाना प्रभारी ने गाड़ियों और अन्य सामान जब्त कर अपने पास रखने के आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों एवं अन्य सामान का पूरा विवरण संबंधित केस डायरी और अभिलेखों में दर्ज है.
इधर, सोशल मीडिया पर पत्रकारों को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले को पत्रकार संगठनों ने गंभीरता से लिया है. इस संबंध में चक्रधरपुर थाना प्रभारी, एसडीपीओ पोड़ाहाट, एसडीएम पोड़ाहाट और पुलिस अधीक्षक को सूचना दी गई है. मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

