Shambhu Kumar
Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. घटना रविवार देर रात की है. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटा खूंटा गांव निवासी 32 वर्षीय साघु सिंह बारी के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, साघु सिंह बारी रविवार को अपनी ससुराल रोरो गांव गया हुआ था. रात में वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान टोंटो थाना क्षेत्र के हडिरा गांव के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो कर पलट गई. साघु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आईं.
स्थानीय लोगों की मदद से उसे देर रात सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. सोमवार को घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. साघु सिंह बारी मजदूरी कर परिवार चलाता था. घर में गर्भवती पत्नी और एक एक छोटा बच्चा. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

