Chaibasa News: जिला परिषद सभागार में बुधवार को जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने Rent Management System का शुभारंभ किया. नई व्यवस्था के तहत जिला परिषद की दुकानों के किरायेदार अब मासिक किराया नगद के बजाय ऑनलाइन जमा कर सकेंगे. साथ ही मोबाइल या कंप्यूटर से किराये की बकाया स्थिति भी देख सकेंगे.
इसे भी पढ़ें:
यह सिस्टम बैंक ऑफ बड़ौदा, चाईबासा के सहयोग से तैयार किया गया है. अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से किराया भुगतान में पारदर्शिता आएगी और जिला परिषद व दुकानदारों के बीच वित्तीय लेन-देन अधिक व्यवस्थित होगा.
डिजिटल व्यवस्था से आसान होगा किराया भुगतान
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि पहले नगद माध्यम से किराया जमा करने में दुकानदारों को परेशानी होती थी. डिजिटल दौर में जिला परिषद ने भी किराया भुगतान की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया है. उन्होंने सभी दुकानदारों से नई व्यवस्था का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि जिला परिषद क्षेत्र में आय के स्रोतों को मजबूत करने के लिए भी काम किया जा रहा है. पुराने और जर्जर मार्केट भवन की जगह जल्द ही तीन मंजिला नया मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है. इसके अलावा मंझगांव प्रखंड में बस पड़ाव-सह-मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा.
दुकानदारों को दिए गए यूजर आईडी-पासवर्ड
कार्यक्रम में दुकानदारों को ऑनलाइन किराया भुगतान के लिए User ID और Password दिए गए. PPT के माध्यम से उन्हें ऑनलाइन किराया जमा करने की पूरी प्रक्रिया और Rent Management System Dashboard के इस्तेमाल की जानकारी दी गई.
नई व्यवस्था के शुभारंभ के मौके पर दुकानदार विशाल कुमार शर्मा ने दो माह का किराया ऑनलाइन जमा कर पहला भुगतान किया. Rent Management System के माध्यम से पहला भुगतान करने वाले विशाल कुमार शर्मा और रोहित ठाकुर को पौधे देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, सहायक उपसमाहर्ता, जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल, जय प्रकाश महतो, मीना जोंकों, प्रमिला पिंगुवा, यमुना तियु, कार्यपालक पदाधिकारी, जिला अभियंता, जिला परिषद के कर्मी, बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक व आईटी मैनेजर समेत जिले के दुकानदार मौजूद रहे.
अध्यक्ष ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में जिला परिषद की आय बढ़ाने के लिए नए दुकानों का निर्माण कराया जाएगा. निर्मित डाक बंगलों और बस पड़ावों की बंदोबस्ती की दिशा में भी कार्य किया जाएगा. उन्होंने संबंधित लोगों से इन योजनाओं में सहयोग करने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

