Search

 
 
 

Chaibasa : तेज आंधी बारिश से बिजली आपूर्ति ठप,ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

दो दिन पूर्व सारंडा क्षेत्र में आई तेज आंधी और तूफान ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचाई है.पश्चिमी सिंहभूम जिला के गंगदा पंचायत के घाटकुड़ी गांव स्थित पपरी हातु टोला में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है.
 

Amit Kumar

Nowamundi  : दो दिन पूर्व सारंडा क्षेत्र में आई तेज आंधी और तूफान ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचाई है.पश्चिमी सिंहभूम जिला के गंगदा पंचायत के घाटकुड़ी गांव स्थित पपरी हातु टोला में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है. 

 

 

आंधी के दौरान बिजली का ट्रांसफार्मर पोल सहित टूटकर गिर गया और जलकर क्षतिग्रस्त हो गया.इसके कारण दर्जनों परिवार पिछले दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं. 

 

दिनभर उमस और गर्म हवाओं से लोग बेहाल हैं, जबकि रात में पंखे और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है.बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. 

 

बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है. कई घरों में मोटर और पंप से पानी की आपूर्ति होती है, जो बिजली नहीं रहने के कारण बंद है. ग्रामीणों को दूरस्थ जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है. वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. मोबाइल चार्ज नहीं होने और रात में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से ऑनलाइन अध्ययन तथा परीक्षा की तैयारी में दिक्कतें आ रही हैं. ग्रामीणों ने बताया कि जंगल से सटे क्षेत्र में अंधेरा रहने के कारण विषैले सांप, बिच्छू एवं अन्य जंगली जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है.

 

 पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर चाम्पिया ने बताया कि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है तथा बीडीओ से भी शीघ्र हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया है. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है.उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा.इस मौके पर स्थानीय महिला पुरुष ग्रामीण मौजूद थे.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही