Palamu News: तीज पर्व को लेकर रविवार को शहर के बाजारों में बढ़ी भीड़ के बीच सागर गली में महिला के साथ बच्चे के गले से लॉकेट छिनतई की घटना हुई. तीज का सामान खरीदने बाजार पहुंची महिला के साथ गए बच्चे के गले से एक युवक ने सोने की लॉकेट झपट ली. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और शहर थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार महिला अपने बच्चे के साथ नावाबाजार प्रखंड क्षेत्र से तीज की खरीदारी करने मेदिनीनगर आई थी. सागर गली में भीड़ के बीच आरोपी ने मौका पाकर बच्चे के गले से सोने का लॉकेट झपट लिया. घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग जुट गए और भाग रहे युवक को पकड़ लिया.
पुलिस ने आरोपी की पहचान कुंड मोहल्ला निवासी साकीब हसन (21) के रूप में की है. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पहली बार इस तरह की झपटमारी कर रहा था. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

