Shambhu Kumar
Chakradharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत असंतलिया पंचायत के इंदकाटा पुलिया के समीप शुक्रवार सुबह नदी किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला है. मृतक की पहचान असंतलिया गांव निवासी 50 वर्षीय रविंद्र बोदरा के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीण इंदकाटा गांव के समीप नदी में नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे पड़े व्यक्ति के शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने मृतक की पहचान करने की कोशिश की. तो पता चला कि शव असंतलिया गांव निवासी रविंद्र बोदरा का है.
इसके बाद तत्काल इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. परिजनों के अनुसार, रविंद्र बोदरा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी. हालांकि, नदी किनारे उनका शव किन परिस्थितियों में मिला, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
इसे भी पढ़ें
इधर, ग्रामीणों की सूचना पर चक्रधरपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लेते हुए मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
फिलहाल, व्यक्ति की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. नदी किनारे शव मिलने की घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

