- छठ पूजा की तैयारियों का लिया जायजा
- छठ घाटों में रंग-रोगन का काम शुरू
- दंदासाईं और पुरानी बस्ती सीढ़ी नदी घाट पर साफ-सफाई, लाइटिंग और स्टेज निर्माण को लेकर समिति के सदस्यों ने की चर्चा
Shambhu Kumar
Chakradharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. इसी क्रम में विधायक सुखराम उरांव ने छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ दंदासाईं छठ घाट और पुरानी बस्ती स्थित सीढ़ी नदी घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान विधायक ने छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की. इसमें छठ घाट पर समिति के लिए स्टेज निर्माण, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, साफ-सफाई और घाटों के सौंदर्यीकरण जैसे मुद्दे प्रमुख रहे. विधायक ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया.
वहीं, निरीक्षण के बाद मंगलवार से छठ घाटों पर रंग-रोगन का कार्य भी शुरू कर दिया गया. मौके पर विधायक सुखराम उरांव के अलावा संजय पासवान, शेषनारायण लाल, अशोक दास, कुमार विवेक, भरत सिंह, राजेश गुप्ता, परमेन्द्र चौहान, अश्वनी प्रामाणिक समेत अन्य लोग मौजूद थे.

