Ranchi News : आदिवासी नेता और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है. पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है. मामले में थाना प्रभारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है.
इसे भी पढ़ें...
निशा भगत के पिता हंदु भगत की शिकायत पर पिठोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.
डीएसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है. डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडेय एसआईटी का नेतृत्व कर रहे हैं. टीम निशा भगत की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ घटनाक्रम में संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
फेसबुक पर लाइव आकर की थी आत्महत्या
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं और रोते हुए अपनी परेशानी साझा की थी. लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों, कथित प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे.
आत्महत्या से पहले पिठोरिया थाना प्रभारी को भी फोन लगाया था और आत्महत्या करने की बात कही थी. हालांकि थाना प्रभारी ने उनको थाना बुलाने की बात कहकर फोन काट दिया था. लाइव वीडियो में निशा भगत ने अजय तिर्की का भी नाम लिया था.
अजय तिर्की व ज्योत्सना पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
निशा भगत की मौत के मामले में उनके पिता हंदू भगत ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने दोनों पर निशा भगत की बदनामी कर आत्महत्या के लिए उक्साने का आरोप लगाया है .
NCST और NCW मामले में लिया संज्ञान
निशा भगत की मौत मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने संज्ञान लिया है. आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगने की बात कही है. वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी निशा भगत की आत्महत्या मामले में स्वंतः संज्ञान लिया है.
आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत एवं समयबद्ध जांच के साथ निशा के फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण को सुनिश्चित करने को कहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

