Shambhu Kumar
Chakradharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना परिसर में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया. कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था.

जनसुनवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. सैयद मुश्ताक हाशमी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की टीम, चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के अलावा टोकलो, कराईकेला, बंदगांव थाना के प्रभारी,बीडीओ व अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
इसके साथ ही अंचल कार्यालय, प्रखंड प्रशासन, नगर परिषद, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, बिजली आपूर्ति, पेयजल संकट, सड़क निर्माण, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखा.
जनसुनवाई के दौरान अनुमंडल के सभी प्रखंडों से ग्रामीण पहुंचे थे.इस दौरान अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा समस्याओं का समाधान नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर करने का आश्वासन दिया.इस मौके चक्रधरपुर,बंदगांव, टोकलो,सोनुवा समेत अन्य प्रखंड के ग्रामीण मौजूद थे.

