Chakradharpur (Shambhu Kumar): भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत बंदगांव प्रखंड के सरायकेला स्थित करंजो में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया.
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है.उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, आदिवासियों तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं.
इन योजनाओं का लाभ समाज के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है.आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और जनधन योजना सहित केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं.
उन्होंने कहा कि इससे अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा.प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के विचार को साकार करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है.
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना तथा संगठन को और अधिक मजबूत करना है.इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, शैलेन्द्र सिंह, भाजपा संगठनात्मक जिले चक्रधरपुर के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक शशिभूषण सामाड,भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा,डॉ. विजय सिंह गागराई, बिमला प्रसाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.


Leave a Comment