Shambhu Kumar
Chakradharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन तथा एक बाइक जब्त की है.

इसे लेकर बुधवार को चक्रधरपुर थाना में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया.जहां थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि 16 जून 2026 की रात करीब 10:55 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक बाइक सवार व्यक्ति असलम चौक के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है.
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा चक्रधरपुर थाना में सनहा दर्ज कर छापेमारी दल का गठन किया गया.गठित टीम तत्काल असलम चौक पहुंची. वहां पुलिस ने उक्त बाइक पर बैठे एक संदिग्ध युवक को देखा. पुलिस वाहन को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन छापेमारी दल में शामिल जवानों ने घेराबंदी कर उसे वाहन समेत पकड़ लिया और थाना लाया गया.
इसी दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे.पूछताछ में युवक ने अपना नाम एहतेशाम वकार (28 वर्ष), पिता अफताब आलम, निवासी पापड़हाता, वार्ड संख्या-10, थाना चक्रधरपुर, जिला पश्चिमी सिंहभूम बताया.
पुलिस पूछताछ के दौरान उसने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की.कड़ी पूछताछ में उसने अपने कुछ सहयोगियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.पुलिस ने आरोपी के पास से तीन छोटी पुड़ियों में रखी ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन पुड़िया सहित 1.46 ग्राम है. इसके अलावा एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और पल्सर बाइक (JH05CP-6025) भी जब्त की गई है.
इस मामले में चक्रधरपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा आरोपी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है.छापेमारी दल में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

