- चितपिल गांव में मिला महिला का शव, बाघमारा गांव से मिला युवक का शव
Shambhu Kumar
Chakradharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के टोकलो थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग जगहों पर दो शव बरामद किए गए. इसमें एक महिला व युवक का शव बरामद किया गया है. टोकलो थाना क्षेत्र के होयोहातु पंचायत के चितपिल गांव स्थित नदी किनारे एक महिला का शव बरामद किया गया. वहीं, केनके पंचायत की बाघमारा गांव से सटे डैम किनारे एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया.
दोनों शवों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों की हत्या की गई है. बताया जाता है कि शुक्रवार देर शाम चितपिल गांव से सटे जंगल किनारे ग्रामीणों ने एक महिला का शव देखा. इसके बाद शव की पहचान चितपिल गांव निवासी विनोद महतो की 28 वर्षीय पुत्री सीमा महतो के रुप में की गई. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि सीमा महतो का विवाह तमाड़ क्षेत्र में हुआ है. एक सप्ताह पहले ही वह अपने मायके चितपिल गांव आई थी. सीमा महतो की एक छोटी बेटी भी है. इधर, शनिवार को गांव पहुंचकर पुलिस ने शव बरामद कर लिया.
महिला के शरीर पर कई हिस्सों में चोट के निशान है, संभवत: किसी ने महिला की हत्या कर शव को जंगल में फेंका है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया.
वहीं, टोकलो थाना क्षेत्र के बाघमारा डैम के समीप स्थित जंगल में शनिवार अहले सुबह ग्रामीणों ने युवक का शव देखा. शव के ऊपरी हिस्से में कपड़ा नहीं था. शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि व्यक्ति की हत्या कर शव फेंकी गई है. पुलिस ने शव को बरामद कर लिया. साथ ही दोनों मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment