Ranchi News: रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के दौरान यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डीआरएम करुणानिधि सिंह से मुलाकात की. इस दौरान निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक आवागमन, टिकट काउंटर और पार्किंग की व्यवस्था पर चर्चा हुई.
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पुराने भवन को तोड़कर नया निर्माण शुरू होने से यात्रियों और वाहनों का दबाव बढ़ सकता है. उन्होंने मुरी की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव नामकुम और लोहरदगा की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव पिस्का स्टेशन पर करने के सुझाव पर विचार करने का आग्रह किया. साथ ही आउटर ओवरब्रिज की ओर से वैकल्पिक रास्ता खुला रखने की मांग की.
इसे भी पढे़ं -
डीआरएम ने बताया कि पुराने भवन को एक साथ नहीं, बल्कि क्रमवार तरीके से हटाया जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए पुराने प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर फूड प्लाजा के पास टिकट काउंटर की व्यवस्था होगी. पार्सल कार्यालय की ओर से भी आवागमन का रास्ता रहेगा. फुट ओवरब्रिज भी चालू रहेगा.
उन्होंने बताया कि स्टेशन के चारों ओर करीब 22 मीटर सड़क चौड़ी करने का प्रस्ताव है. पार्किंग की जरूरत को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के खेल मैदान को पार्किंग में बदलने पर भी विचार किया जा सकता है.
मुलाकात में चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा और पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य राम बांगड़ और डीआरयूसीसी सदस्य विवेक अग्रवाल शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

