Search

ई-कॉमर्स के दौर में स्थानीय व्यापार को संजीवनी दे रही चैम्बर की पहल

Ranchi: ई-कॉमर्स के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच ऑफलाइन व्यापारियों के सामने खड़ी चुनौतियों को देखते हुए फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने अपने मौजूदा सत्र में बिजनेस एक्सचेंज मीटिंग की शुरुआत की है. यह पहल अब व्यावहारिक स्तर पर असर दिखाने लगी है. चैम्बर भवन में आयोजित बिजनेस एक्सचेंज की तीसरी बैठक में सदस्यों के बीच सक्रिय संवाद और सहयोग का माहौल देखने को मिला.

 

बैठक के दौरान सदस्यों ने अपने व्यवसाय का परिचय दिया और आपसी संपर्क को मजबूत किया. इस प्रक्रिया में कई सदस्यों को तत्काल व्यापारिक ऑर्डर भी प्राप्त हुए. इससे पहले आयोजित दो बैठकों के माध्यम से भी सदस्यों को संतोषजनक व्यापारिक लाभ मिला था, जिसकी पुष्टि सदस्यों ने स्वयं की. कई सदस्यों ने कहा कि चैम्बर से जुड़ने के बाद न केवल समस्याओं के समाधान का मंच मिला है, बल्कि व्यवसाय विस्तार के ठोस अवसर भी सामने आए हैं.

 

बैठक में यह बात प्रमुखता से उभरी कि स्थानीय व्यापारी आज ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की तुलना में प्रतिस्पर्धी दरों पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध करा रहे हैं. ऐसे में उपभोक्ताओं को अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देनी चाहिए.

 

चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि बिजनेस एक्सचेंज मीटिंग का उद्देश्य केवल नेटवर्किंग तक सीमित नहीं है, बल्कि सदस्यों के बीच वास्तविक व्यापारिक साझेदारी विकसित करना है. उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि ऑफलाइन व्यापार को सशक्त बनाने के लिए आपसी सहयोग सबसे बड़ा आधार है. चैम्बर आने वाले समय में इस पहल को और अधिक नियमित तथा प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करेगा.

 

बैठक में चैम्बर के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को ऑफलाइन कारोबार के लिए सकारात्मक कदम बताया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp