- ज्वेलरी शॉप डकैती कांड में गिरफ्तार आरोपियों ने किया चांडिल डकैती कांड का खुलासा
Seraikela-Kharsawa : चांडिल बाजार के आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर 9 अक्टूबर की देर रात हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र से हुई है. सरायकेला-खरसावां और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फिलहाल, वे हजारीबाग जेल में बंद हैं.
धनबाद और बोकारो के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनबाद जिले के कतरास स्थित श्यामडीह निवासी मोहिउद्दीन अंसारी, सिराजुद्दीन अंसारी और गुलजार अंसारी के रूप में हुई है. वहीं, बोकारो जिले के चंदनकियारी निवासी सोबराती अंसारी और शेख जमील को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, 25-26 सितंबर की रात हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में डकैती हुई थी. इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चांडिल के व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर हुई डकैती में उनकी संलिप्तता का खुलासा हुआ.
इसे भी पढ़ें
डकैती में आठ लोगों के शामिल होने की बात
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चांडिल में हुई डकैती में कुल आठ लोग शामिल थे. इनमें गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों के अलावा एक अन्य फरार आरोपी और दो स्थानीय लोग शामिल हैं. इसके बाद पुलिस ने चांडिल डकैती कांड की जांच तेज और अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
सूत्रों के मुताबिक, दोनों स्थानीय आरोपी चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के रहने वाले हैं. हालांकि, उनकी पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है. चांडिल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए हजारीबाग जेल में बंद पांचों आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है.
वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. इस डकैती में लूटे गए आभूषण बरामद हुए हैं या नहीं, इस संबंध में पुलिस ने फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है.

