Ranchi News: कांग्रेस पार्टी ने संगठन के स्तर पर बड़ा बदलाव किया है. पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकर्जुन खड़गे ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के 81 सदस्यों की सूची जारी की है. इस सूची के मुताबिक, झारखंड से राज्यसभा चुनाव लड़ने वाले प्रणव झा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय का सचिव बनाया गया है.
झारखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी ने नए एआइसीसी सचिवों की नियुक्ति को लेकर आदेश जारी किया है. एआइसीसी की सचिव रही झारखंड के बड़कागांव से विधायक रही अंबा प्रसाद की छुट्टी कर दी गई है. झारखंड कांग्रेस के दो नेताओं भीम कुमार व बॉबी भगत को एआइसीसी का सचिव बनाया गया है. भीम कुमार हजारीबाग के हैं, जबकि बॉबी भगत गुमला के.
इसे भी पढ़ें -
उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, उनके पिता पूर्व मंत्री योगेंद्र साव लंबे समय से विवादों में घिरे रहे हैं. बड़कागांव में एनटीपीसी की अधिग्रहित जमीन विवाद से लेकर हजारीबाग में जमीन कब्जे के आरोप इस परिवार पर लगे हैं.
हाल ही में रांची में घर खाली करने को लेकर भी अंबा प्रसाद चर्चा में रहीं. हालांकि पार्टी नेताओं ने उनका समर्थन जरूर किया, लेकिन एक सवाल तो है कि जब वह दो साल से विधायक नहीं रहीं, तो फिर विधायक के रुप में आवंटित आवास में कैसे रह रही थी? और अगर उन्हें आवास खाली करने के लिए कहा गया, तो खाली करने में आनाकानी क्यों की?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

