Ranchi : झारखंड विधानसभा की उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक में मझगांव (पश्चिम सिंहभूम) से जेएमएम विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक चुना गया है. निरल पूर्ति मझगांव से चार बार के विधायक हैं. 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर 'बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान' से उन्हें सम्मानित किया जाएगा. झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर हर साल एक विधायक को उत्कृष्ट विधायक के तौर पर सम्मानित किया जाता है.
उत्कृष्ट विधायक के चयन के लिए शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई. इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए. सर्वसम्मति और निर्धारित मापदंडों के आधार पर विचार-विमर्श के बाद निरल पूर्ति के नाम पर समिति ने सहमति प्रदान की.
इसे भी पढ़ें
सदन में उत्कृष्ट कार्य, सक्रिय भागीदारी, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और संसदीय मर्यादाओं के पालन के आधार पर किसी एक विधायक को इस सम्मान से नवाजा जाता है. यह सम्मान विधायकों को सदन के भीतर और क्षेत्र के विकास में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है.

