Deoghar News: छठ महापर्व को लेकर देवघर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. 15 नवंबर से शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी.
वहीं, मंदिर और शिवगंगा जाने वाले कई रास्तों पर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, मधुपुर, सारठ, जमुई और बांका की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं. ऐसे में अगर आप छठ के दौरान घर से निकल रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है.
इसे भी पढ़ें:
छठ पर्व को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी.
दूसरे जिलों से देवघर आने वाले भारी वाहनों को शहर की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा. दुमका के वाहनों को हिंडोलावरण, गोड्डा के वाहनों को चौपामोड़, गिरिडीह के वाहनों को चौधरीडीह मोड़, मधुपुर के वाहनों को चांदडीह और सारठ के वाहनों को कर्णकोल मोड़ पर रोका जाएगा. जमुई की ओर से आने वाले वाहन अंधरीगादर पिकेट और बांका की ओर से आने वाले वाहन कोठिया मोड़ तथा रिखिया आश्रम मोड़ पर रोके जाएंगे.
वहीं, जसीडीह से देवघर आने और जाने वाले वाहनों के लिए भी रूट बदल दिया गया है. रोहिणी बाजार, कोरियासा, सत्संग ओवरब्रिज और शंख मोड़ के रास्ते वाहनों का परिचालन होगा. मंदिर और शिवगंगा क्षेत्र में जलसार, भारती होटल, शिवराम झा चौक, जोड़ा तालाब, लक्ष्मीपुर चौक और टावर चौक समेत कई रास्तों से वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी.
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर जारी इस व्यवस्था के तहत आपातकालीन वाहनों को विशेष परिस्थिति में छूट मिलेगी. प्रशासन ने आम लोगों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है. अब देखना होगा कि छठ की भारी भीड़ के बीच प्रशासन का यह ट्रैफिक प्लान जमीनी स्तर पर कितना कारगर साबित होता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

