Chatra : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. चतरा पुलिस ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र से एक पिकअप वाहन से 950.40 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है. हालांकि चालक और सहचालक मौके से फरार हो गए.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि जोगियारा गांव के समीप जोरी-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर एक पिकअप वाहन मवेशी को धक्का मारकर भाग रहा है. सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ लिया.
जब वाहन की तलाशी ली गई, तो पिकअप से मुरही के बोरों के नीचे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई. पुलिस ने मौके से ऑफिसर चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की की 48 पेटियों में 2,304 बोतल (414.72 लीटर) बरामद की.
साथ ही ब्लू स्ट्रोक एक्सक्विजिट व्हिस्की की 62 पेटियों में 2,976 बोतल ( 535.68 लीटर) बरामद की गई. इस तरह 110 पेटियों में 5,280 बोतल यानी 950.40 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई.
पुलिस ने शराब के साथ पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है. मामले में वाहन के अज्ञात मालिक, चालक और सहचालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

