Chatra : चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर धाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी. अशोका गोलंबर के समीप हुई इस फायरिंग में एक ट्रक मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान बेती गांव निवासी गेंदरा गंझू के पुत्र बासुदेव गंझू (30 वर्ष) के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक दो बाइक पर 5 से 6 युवक सवार होकर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी. उनलोगों ने 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
इसी दौरान एक गोली बासुदेव गंझू को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत बचरा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया.
सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस व सीआईएसएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपराधियों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद पास के जंगल की ओर भाग गए. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है.
इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय व दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हर एंगल से जांच की जा रही है. अपराधी जल्द ही पकड़ लिये जाएंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

