Search

 
 
 

रांची सदर अस्पताल का होगा विस्तार, 200 बेड के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक को हरी झंडी

झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है. मुख्यमंत्री अस्पताल कायाकल्प योजना के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य के सदर अस्पतालों को आधुनिक और सुसज्जित बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई.
 

Ranchi : झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है. मुख्यमंत्री अस्पताल कायाकल्प योजना के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य के सदर अस्पतालों को आधुनिक और सुसज्जित बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई.

 

बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने की. इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों के अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार, जीर्णोद्धार और बेड क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया.

 

रांची सदर अस्पताल परिसर में 200 बेड के अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई. इसके साथ ही बोकारो, धनबाद, सरायकेला, चाईबासा, गोड्डा और रामगढ़ जिलों के लिए तैयार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में आवश्यक संशोधन कर जल्द दोबारा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया.

 

बैठक में धनबाद, साहिबगंज, गिरिडीह, दुमका, पाकुड़ और गढ़वा के सदर अस्पतालों के जीर्णोद्धार को पहले ही स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई. वहीं, नामकुम परिसर के समग्र विकास योजना पर भी चर्चा हुई, जहां स्वास्थ्यकर्मियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

 

अपर मुख्य सचिव ने सभी सदर अस्पतालों में कैंसर मरीजों के लिए डे-केयर यूनिट स्थापित करने के निर्देश दिए. इन केंद्रों में जांच से लेकर इलाज तक की सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी. साथ ही रेडिएशन सुरक्षा के लिए हर अस्पताल में अलग बंकर बनाने को कहा गया.

 

टाटा कैंसर हॉस्पिटल और मेडिको सिटी तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए रिंग रोड से जोड़ने हेतु नए पहुंच मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया. इस संबंध में पथ निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.

 

बैठक में यह भी सामने आया कि राज्य में एंबुलेंस, ट्रॉमा और आपातकालीन सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन की कमी है. इसे दूर करने के लिए नामकुम, रांची में एक केंद्रीकृत कौशल और सिमुलेशन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की योजना पर चर्चा हुई. यह केंद्र एक समय में 500 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने में सक्षम होगा और आधुनिक तकनीक से लैस होगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही