Search

Chatra News :  कोल कंपनियों से लेवी मांगने व आगजनी मामले में JJMP का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार

  • एसपी को मिली सूचना पर टंडवा पुलिस ने की कार्रवाई
  • डीएसपी मुख्यालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

Chatra  :  कोयलांचल इलाके में उग्रवादी गतिविधियों और लेवी वसूली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. टंडवा थाना क्षेत्र में कोल कंपनियों और उससे जुड़े लोगों से लेवी मांगने, धमकी देने और आगजनी की घटना में शामिल JJMP संगठन के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया है. डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी दी.

 

सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आम्रपाली परियोजना में माइनिंग एवं ट्रांसपोर्टिंग कार्य कर रही एनसीसी लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को JJMP और प्रतिबंधित TSPC नक्सली संगठन के नाम पर लेवी के लिए धमकी भरे फोन किए जा रहे थे. 

 

बीते 24 जनवरी की रात को कोल उत्खनन कार्य में लगी एनसीसी कंपनी की एक वोल्वो ट्रक को पांच अज्ञात अपराधियों ने रोक लिया था. अपराधियों ने ट्रक के चालक और सुपरवाइजर के साथ मारपीट करते हुए वाहन के अगले हिस्से में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी.

 

डीएसपी मुख्यालय नें बताया कि घटना स्थल पर JJMP संगठन के शिव जी के नाम से पर्चा भी छोड़ा गया था, जिसमें लेवी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी. अगले दिन कंपनी के अधिकारियों को पुनः नक्सली शिव जी के नाम से फोन कर संगठन के नाम पर धमकी देते हुए लेवी की मांग की गई थी.

 

मामले के अनुसंधान के दौरान एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड में शामिल JJMP का सक्रिय सदस्य रविंद्र सिंह उर्फ रविंद्र सिंह खरवार अपने घर आया हुआ है. सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.

 

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रविंद्र सिंह उर्फ रविंद्र सिंह खरवार (लोहरदगा निवासी) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.  डीएसपी मुख्यालय ने कहा कि जिले में उग्रवादी गतिविधियों, लेवी वसूली और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. 

 

उन्होंने मुख्य धारा से भटके अपराधी और उग्रवादियों से मुख्य धारा में शामिल होने की अपील की. कहा कि अपराध का रास्ता विनाश का द्वार खोलता है. पुलिस अपराधी और नक्सलियों के सफाया के लिए प्रतिबद्ध है. अभियान में थाना प्रभारी के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह समेत थाना के रिजर्व गार्ड और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//