Search

 
 
 

Chatra News : नाबालिग बच्चियों की तस्करी की कोशिश नाकाम, दो दलाल गिरफ्तार

जिले में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वशिष्ठनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दो नाबालिग बच्चियों की तस्करी की कोशिश को विफल करते हुए दो दलालों को गिरफ्तार किया है
 
  • काम दिलाने के बहाने दूसरे प्रदेश ले जाने की थी तैयारी

Chatra  :  जिले में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वशिष्ठनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दो नाबालिग बच्चियों की तस्करी की कोशिश को विफल करते हुए दो दलालों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. 

 

गिरफ्तार आरोपियों में प्रतापपुर थाना क्षेत्र के भूगढ़ा निवासी प्रमोद बैगा और जोगियारा निवासी विकास कुमार शामिल हैं. विकास कुमार टेंपो चालक बताया जा रहा है. इस संबंध में नाबालिग बच्ची के चाचा के आवेदन पर वशिष्ठनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

 

एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि सोमवार की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि दो नाबालिग बच्चियों को काम दिलाने का झांसा देकर जोरी के रास्ते दूसरे प्रदेश ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना के समीप घेराबंदी कर वाहन की जांच शुरू की.

 

जांच के दौरान दोनों बच्चियों को बरामद कर रेस्क्यू कर लिया गया. जबकि साथ मौजूद दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. पूछताछ में तस्करी की आशंका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. 

 

एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि जिले में मानव तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस विशेष रूप से नाबालिग बच्चों और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है. उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को काम दिलाने, पढ़ाई कराने या बेहतर भविष्य का झांसा देकर दूसरे प्रदेश ले जाते हैं, इसलिए अभिभावकों को जागरूक रहने की जरूरत है.

 

एसपी ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर अपराध है. पुलिस ऐसे गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को देने की बात कही है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही