Search

 
 
 

Chatra News : जेपीएससी मामले पर भाजयुमो ने दिया धरना, सीबीआई जांच की मांग

जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी व अनियमितता के विरोध में भाजयुमो ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है. मशाल जुलूस के बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने चतरा समाहरणालय के समक्ष धरना दिया.
 
धरना पर बैठे भाजयुमो व भाजपा के नेता.

Chatra : जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी व अनियमितता के विरोध में भाजयुमो ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है. मशाल जुलूस के बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने चतरा समाहरणालय के समक्ष धरना दिया. धरना का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ सुमन कर रहे थे. नेताओं ने मामले की सीबीआई जांच कराने, अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. 

 


भाजपा महामंत्री डॉ. मृत्युंजय सिंह ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी व सीजीएल जैसी भर्ती परीक्षाओं पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं. सरकार रोजगार देने की बजाय भर्ती के नाम पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है.


उन्होंने कहा कि जब भाजयुमो ने जेपीएससी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया, तो जेपीएससी अध्यक्ष एल ख्यांग्ते के इस्तीफे की घोषणा कर दी गई. यह महज दिखावा है. भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि छात्र और युवा लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है. उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. कहा कि पिछले सात वर्षों में हुई भर्ती परीक्षाओं की भी जांच होनी चाहिए, ताकि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सामने लाया जा सके.


भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ सुमन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जेपीएससी को किसी का एटीएम नहीं बनने दिया जाएगा. झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार को मामले की जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने ही विभाग से जुड़े मामले की जांच कराकर जनता को गुमराह कर रही है.
 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही