Chatra News : सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित कड़गु पटेर नदी चटनिया में दो दोस्तों के शव संदेहास्पद स्थिति में मिलने से सनसनी फैल गयी. एक बच्चे का शव नदी के अंदर, जबकि दूसरे का शव नदी किनारे से बरामद किया गया.
दोनों बच्चों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह तीन दोस्त पिकनिक मनाने पहुंचे थे. इसी दौरान तीनों बच्चे पास्ता बनाकर खाने के बाद नदी में नहाने चले गए. नहाने के दौरान बच्चे मौके पर गहरे पानी में चले गये और डूब गये.
घटना के बाद जहां दो बच्चों का शव मौके से बरामद हुआ है वहीं एक अन्य बच्चे का पता नहीं चल पा रहा है.वह नदी में डूबा है या वहां से निकलकर चला गया, इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है. नदी में दो बच्चों के शव देखकर ग्रामीणों ने तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालने के साथ दोनों की पहचान कराने में जुट गयी. साथ ही तीसरे बच्चे की भी तलाश की जा रही है. घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गयी.
नदी के पास मिले कई सामान
घटना स्थल के पास ग्रामीणों को दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग व अन्य सामान मिला है. सामान मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन करते हुए बच्चों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान तीनों बच्चों का है या किसी अन्य का.

